महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के लिए मिशन शक्ति अभियान की शुरुआत

मुख्य संपादक -ओंकार नाथ वर्मा 

UP Samachar Plus 

महराजगंज। उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप मिशन शक्ति अभियान (फेज-05) के अंतर्गत जिले में महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त और जागरूक बनाने के उद्देश्य से विशेष चौपालों का आयोजन किया जा रहा है। रविवार, 3 नवम्बर को पुलिस अधीक्षक महराजगंज, सोमेन्द्र मीना के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों के पुलिस बल द्वारा थाना क्षेत्र के विभिन्न गाँवों, स्कूलों और कॉलेजों में चौपालों की शुरुआत की गई। इन चौपालों का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के साथ-साथ विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में जानकारी प्रदान करना है।

अब महिलाओं और बालिकाओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार थाने या पुलिस चौकियों का चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। इसके बजाय "शक्ति दीदी" नामक एक पहल के तहत नियमित रूप से पुलिस प्रतिनिधि ग्राम और विद्यालय स्तर पर चौपालों के माध्यम से उपस्थित होंगी। इन चौपालों में महिलाओं, छात्राओं, और बालिकाओं को हेल्पलाइन नम्बरों जैसे – वुमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102, एम्बुलेंस सेवा 108 और पुलिस के सीयूजी नम्बरों की जानकारी दी गई।

चौपालों में महिलाओं को साइबर अपराध के बढ़ते मामलों पर भी जागरूक किया गया। पुलिस द्वारा साइबर अपराधों से बचाव के तरीकों पर जानकारी देने के साथ ही यह भी बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर धोखाधड़ी का शिकार होता है, तो उसे तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या 112 पर सूचित करना चाहिए ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

इस अभियान के तहत, पुलिस चौपालों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं के साथ संवाद स्थापित कर उनकी शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करेगी।

 

 


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com